बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं एवं किशोरियों को मिली सम्मानजनक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधा – Jan Jan Tak
  • Mon. Aug 3rd, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं एवं किशोरियों को मिली सम्मानजनक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधा

ByJan Jan Tak

Aug 3, 2026
बस अड्डे पर अमृत कक्ष का शुभारंभ, महिलाओं एवं किशोरियों को मिली सम्मानजनक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधा

जिलाधिकारी ने बस अड्डे का किया व्यापक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराज़गी; पेयजल, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश

पौड़ी- महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को प्राथमिकता देते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल में महिला हितैषी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद मुख्यालय स्थित बस अड्डे पर बाल विकास विभाग द्वारा निर्मित अमृत कक्ष (फीडिंग रूम) का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने बस अड्डे की व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अमृत कक्ष का अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थी महिला से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने एक नन्हीं बच्ची को खिलौना भेंट कर उसका उत्साहवर्धन भी किया। जिलाधिकारी ने बताया कि धात्री माताओं एवं शिशुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित इस कक्ष में महिलाएं यात्रा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ, निजी एवं गरिमापूर्ण वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकेंगी। इसे सार्वजनिक स्थलों पर मातृत्व के सम्मान और महिला-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

उन्होंने कहा कि बस अड्डे पर महिलाओं एवं किशोरियों की सुविधा के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन भी संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट तथा विकास भवन में भी गत दो माह से ऐसी मशीनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो रही हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस अड्डे के शौचालयों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली तथा कुछ शौचालयों में पेयजल और नलों की व्यवस्था भी अधूरी पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित संस्था सुलभ इंटरनेशनल के प्रति कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, सभी शौचालयों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार टोंटियां लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं होने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान शौचालय परिसर में विभिन्न सामग्रियों का रख-रखाव अव्यवस्थित पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने आवश्यकतानुसार कैबिनेट स्थापित कर समस्त सामग्री को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से रखने के निर्देश दिए, जिससे परिसर की स्वच्छता, व्यवस्था एवं रख-रखाव बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान बस अड्डा परिसर में कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त अवस्था में पायी गईं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी टूटी एवं अनुपयोगी कुर्सियों को तत्काल बदलने तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त, गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने परिसर की दीवारों पर अनधिकृत बैनर एवं पोस्टर न लगाए जाने तथा बस अड्डे की स्वच्छ एवं आकर्षक छवि बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बस अड्डे पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, इसलिए यहां उपलब्ध सभी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता की एवं यात्रियों के अनुकूल होनी चाहिए। उन्होंने बस अड्डे के समग्र सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रस्ताव में भवन का रंग-रोगन, फ्लोरिंग, आधुनिक एवं पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, परिसर का सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को शामिल करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं महिला-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि बस स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां आती हैं। अमृत कक्ष एवं सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन के संचालन से उन्हें यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताये कि मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर जनजागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर एआरटीओ एन के ओझा, मंगल सिंह, ईओ नगरपालिका संजय कुमार, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र टम्टा सहित नरेंद्र टम्टा, अरविंद रावत सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *