पोखड़ा क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता के बाद वन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े कदम – Jan Jan Tak
  • Mon. May 4th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

पोखड़ा क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता के बाद वन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े कदम

ByJan Jan Tak

Apr 3, 2026
पोखड़ा क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता के बाद वन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े कदम

पौड़ी- विकासखंड पोखड़ा के ग्राम भटकोट में हाल ही में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए एक दुखद घटना प्रकाश में आयी है। घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गयी है तथा वन विभाग द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन तथावन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ आवश्यक कार्यवाही की गयी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने एवं गुलदार की निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा व्यापक कदम उठाए गए हैं। घटनास्थल के आसपास 10 कैमरा ट्रैप, 02 सोलर सीसीटीवी कैमरे तथा 02 पिंजरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही, आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं ताकि वन्यजीव की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि निरंतर निगरानी हेतु 15-15 सदस्यीय दो विशेष दल गठित कर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गयी है। इसके अतिरिक्त गुलदार को पकड़ने, ट्रेंकुलाइज करने अथवा आवश्यक होने पर अंतिम विकल्प अपनाने के लिए उच्चाधिकारियों को अनुमति हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

वन विभाग ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष रूप से शाम के समय सतर्क रहें, अकेले बाहर न निकलें तथा बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *