देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरुकता अभियान – Jan Jan Tak
  • Mon. May 4th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरुकता अभियान

ByJan Jan Tak

Feb 2, 2026
देवभूमि पब्लिक स्कूल नकोट में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरुकता अभियान

पौड़ी- जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में देवभूमि पब्लिक स्कूल, नकोट (श्रीनगर) में बाल संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा पर जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, पाॅक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिला थाना की पुलिस इंस्पेक्टर प्रियंका भारद्वाज द्वारा पाॅक्सो अधिनियम के अंतर्गत बच्चों के साथ होने वाले अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों तथा ऐसे मामलों में मिलने वाली कानूनी सहायता एवं संरक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। थाना श्रीनगर से इंस्पेक्टर विमल कुमार ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल सतर्कता के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1030 के महत्व पर प्रकाश डाला।

बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली, उसके अधिकारों एवं दायित्वों के साथ-साथ संकटग्रस्त बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास में समिति की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में पूजा नेगी द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से बच्चों को मिलने वाली सहायता, इसकी कार्यप्रणाली तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

इस अवसर पर निखिल डेविड द्वारा पाॅक्सो अधिनियम एवं किशोर न्याय (जेजे) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई, वहीं प्रज्ञा नैथानी ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों, उसके सामाजिक एवं मानसिक प्रभावों तथा बाल विवाह की रोकथाम में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवान सिंह ने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, गलत के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रज्ञा नैथानी, निखिल डेविड सहित चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *