शत-प्रतिशत बच्चों को मिले पोलियो की खुराक – Jan Jan Tak
  • Mon. May 4th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

शत-प्रतिशत बच्चों को मिले पोलियो की खुराक

ByJan Jan Tak

Oct 6, 2025
शत-प्रतिशत बच्चों को मिले पोलियो की खुराक

पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य व रेखीय विभागों को जिलाधिकारी के सख़्त निर्देश

जनपद में 66332 बच्चों को पिलायी जाएगी पोलियो की खुराक: 656 बूथों और 1312 टीमों की होगी तैनाती

12 अक्टूबर से पोलियो खुराक पिलाने का अभियान

पौड़ी-  12 अक्टूबर 2025 से शुरु होने जा रहे उप राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान (पल्स पोलियो) की तैयारियों के संदर्भ में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। एक सप्ताह तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य रेखीय विभागों को सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने सभी पल्स पोलियो अभियान में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के लिये पंचायतीराज विभाग, पोलियो वाइल को सुरक्षित रखने के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बनाये रखने हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों को समय पर माइक्रोप्लान दिया जाय, जिससे कार्यक्रम की अधिक से अधिक सफलता सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर को सभी पोलियो बूथों पर तथा अन्य क्षेत्रों पर अनिवार्यता सुनिश्चित करते हुए पल्स पोलियो की खुराक पिलायी जाएगी। उन्होंने सभी विकासखंडों में इस अभियान को सफल बनाने हेतु ब्लॉक टास्कफोर्स बैठक का आयोजन करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि जनपद क्षेत्रांतर्गत निर्माण स्थलों पर काम कर रहे मजदूरों व कोटद्वार/कालागढ़ क्षेत्र में वन गुज्जरों के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अनिवार्य रूप से पिलायी जाय।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने बताया कि पल्स पोलियो के इस साप्ताहिक अभियान में 5 वर्ष तक के 66332 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 656 पोलियो बूथ तथा 16 ट्रांजिट बूथ बनाये गये है। 167350 घरों पर घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 1312 टीमों का गठन किया गया है। इस अभियान में 1010 आशा कार्यकत्रियां, 1820 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व 131 सुपरवाइजरों को शामिल किया गया है।

बैठक में एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, सीएमएस श्रीनगर डॉ. विमल गुसाईं, डब्लूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. अजीत गुप्ता, एसडीओ सिविल व सोयम लक्की शाह, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *