तीन शव बरामद, बाकी लापता लोगों की तलाश जारी – Jan Jan Tak
  • Wed. Nov 4th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

तीन शव बरामद, बाकी लापता लोगों की तलाश जारी

ByJan Jan Tak

Nov 4, 2026
तीन शव बरामद, बाकी लापता लोगों की तलाश जारी

हेलीकॉप्टर से मातली पहुंचाए गए शव

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक पर लापता हुए ट्रेकर्स और उनके सहयोगी कर्मचारियों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के चलते दुर्गम बने इस ट्रेक पर अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीनों शवों को हेलीकॉप्टर की मदद से उत्तरकाशी के मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। अभियान के दौरान मौसम बिगड़ने, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता बंद हो गया। इसके चलते दल तय समय पर वापस नहीं लौट सका। काफी समय तक संपर्क और वापसी नहीं होने पर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें बेहद कठिन परिस्थितियों में अभियान चला रही हैं। इस संयुक्त अभियान में एसडीआरएफ के साथ नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें भी जुटी हुई हैं।

रेस्क्यू टीमें केदारताल क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। लगातार खराब मौसम और बर्फबारी के कारण अभियान में चुनौतियां आ रही हैं, बावजूद इसके सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। शेष लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *