पौड़ी को जाम से मिलेगी राहत, 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की तैयारी तेज – Jan Jan Tak
  • Tue. Oct 27th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

पौड़ी को जाम से मिलेगी राहत, 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की तैयारी तेज

ByJan Jan Tak

Oct 26, 2026
पौड़ी को जाम से मिलेगी राहत, 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की तैयारी तेज

अपर चोपड़ा की पार्किंग एक माह में पूरी करने के निर्देश, हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के कार्यों में तेजी लाने को कहा

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पौड़ी शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार करने और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश ने शहर में निर्माणाधीन पार्किंग, प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

एक माह में पूरा होगा 30 वाहनों की क्षमता वाला पार्किंग स्थल

सचिव ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत अपर चोपड़ा में निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को पार्किंग का निर्माण एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जीएमवीएन के समीप निर्मित 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का जायजा लिया।

300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की तैयारी

पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए चिह्नित स्थल का भी निरीक्षण किया गया। सचिव ने परियोजना की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और उसे शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के कार्यों में तेजी

सचिव डॉ. आर. राजेश ने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय एवं वीर भूमि स्थल के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने तथा हेरिटेज संग्रहालय में सजावट संबंधी कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

पार्किंग विस्तार से यातायात व्यवस्था में होगा सुधार

सचिव ने कहा कि पौड़ी शहर में पॉकेट पार्किंग विकसित करने के साथ बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की दिशा में भी कार्यवाही की जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में पार्किंग क्षमता बढ़ाने, यातायात के दबाव को कम करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, हेरिटेज संग्रहालय और अन्य विरासत भवनों के संरक्षण एवं पुनरुद्धार से पौड़ी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने में सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एल.पी. भट्ट, अवर अभियंता डीडीए रणवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *