मालदेवता बाजार में स्वच्छता अभियान, 4 टन कचरा किया गया एकत्रित – Jan Jan Tak
  • Thu. Aug 13th, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

मालदेवता बाजार में स्वच्छता अभियान, 4 टन कचरा किया गया एकत्रित

ByJan Jan Tak

Aug 13, 2026
मालदेवता बाजार में स्वच्छता अभियान, 4 टन कचरा किया गया एकत्रित

देहरादून। रायपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मालदेवता के मालदेवता बाजार में गुरुवार को स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत देहरादून श्री सतीश कुमार त्रिपाठी ने किया। अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून, जिला पंचायत देहरादून, वेस्ट वॉरियर्स संस्था, ग्राम प्रधान श्री सत्येंद्र चौहान एवं BDC सदस्य श्रीमती सुनीता छेत्री सहित स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।

अभियान के दौरान बाजार एवं नदी के आसपास लंबे समय से पड़े लगभग 4 टन कचरे को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई। लंबे समय से जमा कचरे के कारण क्षेत्र में ग्रामीण एवं आवारा पशुओं के प्लास्टिक कचरा खाने का खतरा बना हुआ था। स्वच्छता अभियान के माध्यम से इस कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

अभियान के साथ-साथ बाजार की 22 दुकानों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। दुकानदारों को प्लास्टिक प्रतिबंध, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम एवं कचरे के उचित निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग एवं कचरे को नदी अथवा खुले स्थानों पर फेंकने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जागरूक किया गया।

दुकानदारों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को खुले में या नदी में न फेंकें तथा कचरे को निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से सही स्थान तक पहुंचाएं। साथ ही, उन्हें SBIF Waste No More in Dehradun Project के अंतर्गत संचालित पर्यावरण सखी मॉडल से जुड़कर नियमित कचरा संग्रहण सेवा का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को लेकर दुकानदारों को आवश्यक चेतावनी भी दी गई।

इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी श्री सतीश कुमार त्रिपाठी ने स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए दुकानदारों एवं ग्रामीणों से कचरे को नदी एवं खुले स्थानों में न फेंकने की अपील की।

अभियान में सक्रिय नागरिक मिनू पासवान एवं लक्ष्मी भट्ट के साथ वेस्ट वॉरियर्स संस्था से असलम खान,राजेंद्र ,अंकित पूजा भारद्वाज सहित संस्था की टीम एवं अन्य स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में कुल लगभग 45 लोगों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *