पौड़ी में पहली बार स्थापित हुआ निर्यात हेल्प डेस्क, उद्यमियों को मिलेगी विशेषज्ञ सहायता – Jan Jan Tak
  • Wed. Jun 3rd, 2026

Jan Jan Tak

Jan Jan Tak

पौड़ी में पहली बार स्थापित हुआ निर्यात हेल्प डेस्क, उद्यमियों को मिलेगी विशेषज्ञ सहायता

ByJan Jan Tak

Jun 3, 2026
पौड़ी में पहली बार स्थापित हुआ निर्यात हेल्प डेस्क, उद्यमियों को मिलेगी विशेषज्ञ सहायता

पौड़ी- स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार में एक दिवसीय निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला में निर्यात क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और अवसरों की जानकारी दी।

महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र सोमनाथ गर्ग की उपस्थिति तथा विदेश व्यापार महानिदेशालय के उप महानिदेशक हेमन्त कुमार के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (फियो) की उप निदेशक मनीषा झा ने निर्यातकों के लिए उपलब्ध सेवाओं और फियो की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं एमएसएमई मंत्रालय, हल्द्वानी के सहायक निदेशक अमित मोहन ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रोत्साहनों की जानकारी दी। एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि अमोल शर्मा ने निर्यातक इकाइयों के लिए वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं एवं बैंकिंग सेवाओं पर जानकारी साझा की।

सिडकुल निर्माता संघ, ग्रोथ सेंटर सिगड्डी के सचिव विवेक चौहान ने स्थानीय उत्पादों की निर्यात संभावनाओं पर चर्चा करते हुए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद में निर्मित उत्पाद वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डीजीएफटी के सहयोग से स्थापित निर्यात हेल्प डेस्क का उद्घाटन रहा। अधिकारियों के अनुसार यह जनपद में अपनी तरह की पहली पहल है, जिससे निर्यातकों और निर्यात में रुचि रखने वाले उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में प्रबंधक उपासना सिंह, आर पी आर्य सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *